जो मनुष्य नम्रतापूर्वक वैदिक विधि से ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना और उपासना करता है वह सर्वदा आनन्द में रहता है : स्वामीयज्ञमुनि

0
142

-मनमोहन कुमार आर्य

               स्वामी यज्ञमुनि जी ने श्रोताओं को स्मरण कराते हुए कहा कि ऋषि दयानन्द ने कहा है कि हम सर्वदा आनन्द में रहें। उन्होंने पूछा कि कौन सर्वदा आनन्द में रहता है? इसका उत्तर देते हुए उन्होंने बताया कि जो मनुष्य नम्रतापूर्वक वैदिक विधि से ईश्वर की स्तुति, प्रार्थना और उपासना करता है वह सर्वदा आनन्द में रहता है। उन्होंने कहा कि परमात्मा मनुष्य की आत्मा में अपने सर्वान्तर्यामी स्वरूप से विद्यमान है। वह सभी मनुष्यों को सद्कर्म करने पर उनकी आत्मा में सुख आनन्द प्रदान करता है तथा बुरे कर्म करने पर भय, शंका लज्जा को उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा इससे ईश्वर का हमारी आत्मा के भीतर विद्यमान होना सिद्ध होता है। उन्होंने आगे कहा कि कुटिलाता एवं पाप कर्मो को अपने जीवन से हटाने वालों को परमात्मा आनन्द देता है। विद्वान स्वामी यज्ञमुनि जी ने बताया कि परमात्मा की उपासना वही मनुष्य कर सकता है जिसके भीतर पाप तथा कुटिलतायुक्त कर्म वा आचरण न हों। स्वामी जी ने ऋषि दयानन्द के ग्रन्थों का अध्ययन कर उनकी कही सभी बातों को मानने की प्ररेणा की। स्वामी जी महाराज ने ऋषि दयानन्द के वेदभाष्य का स्वाध्याय करने की प्रेरणा भी सभी श्रोताओं को की। उपदेश की समाप्ति पर स्वामी जी का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय आर्य लेखक श्री मनमोहन आर्य का उनके लेखन कार्य के लिए आश्रम की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे श्री शैलेशमुनि सत्यार्थी जी ने प्रेम व स्नेह से युक्त वचनों में श्री आर्य का परिचय दिया। मंच पर उपस्थित सभी विद्वानों ने अपनी शुभकामनायें एवं आशीर्वाद भी हम, मनमोहन आर्य को प्रदान किये। हम इस सम्मान के लिए आश्रम एवं सभी विद्वानों के हृदय से आभारी हैं। हम विनम्रतापूर्वक सबका धन्यवाद करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि यह आश्रम वर्तमान एवं भविष्य में उन्नति करते हुए उन्नति एवं वेदप्रचार के नये कीर्तिमान स्थापित करे। कार्यक्रम में चण्डीगढ़ से ऋषिभक्त श्री सुशील भाटिया जी भी पधारे हुए हैं। वह कार्यक्रम को सफल कराने के लिए अपनी सेवायें दे रहे हैं। फेसबुक पर आश्रम की गतिविधियों के चित्र एवं वीडियो प्रस्तुत कर वह आश्रम के आयोजनों का आर्यजनता में अपनी पूरी वेदप्रचार की भावना से कार्य कर रहे हैं। हमें भी उनका स्नेह सदैव मिलता है। हम उनका भी आभार व्यक्त करते हैं। आश्रम के सभी अधिकारियों एवं सदस्यों सहित आश्रम के उत्सव में पधारे सभी बन्धुओं का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद। हम आश्रम के उत्सव की सफलता की सर्वशक्तिमान परमेश्वर से प्रार्थना करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here