नई दिल्ली : बीजेपी के दिग्गज नेता बीके गुप्ता का रविवार दोपहर निधन हो गया। 67 वर्षीय गुप्ता पिछले काफी समय से कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से पीड़ित चल रहे थे। बीते शुक्रवार उन्हें शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। बालकृष्ण गुप्ता बीजेपी से जिला संयोजक रहने के अलावा तीन बार शहर से विधायक भी रहे थे। रामजन्म भूमि आंदोलन में गुप्ता ने अहम भूमिक निभाई थी। इस दौरान वह बंदायू जिला जेल में भी बंद रहे थे। गुप्ता मूल रुप से पीलीभीत के रहने वाले थे। आज मुक्ति धाम पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
निधन की सूचना मिलते ही गुप्ता के घर पर लगा बड़ी हस्तियों का मेला
बीके गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही गुप्ता के घर पर कई बड़ी हस्तियां पहुंची। इन लोगों ने यहां पहुंचकर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गुप्ता के घर पहुंचने वालों में से विधायक रामसरन वर्मा, डीजीसी अमित पाठक, मुक्तिधाम के सचिव दिलीप अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष विमला जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बुद्धसेन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, धीरेंद्र मिश्र, मनोज पटेल समेत तमाम लोग शामिल रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने भी शोक व्यक्त किया है।