सशस्त्र सीमा बल के जवानों के परिवारों को मकान सौंपे गृह मंत्री ने, एसएसबी के कामों की तारीफ
सशस्त्र सीमा बल के जवानों के परिवारों को मकान सौंपे गृह मंत्री ने, एसएसबी के कामों की तारीफ

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रशंसा करते हुये गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि इनकी जितनी भी प्रशंसा की जाये वह कम है क्योंकि इन जवानों ने न केवल कश्मीर में आतंकवादियों से लड़ने में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाई है बल्कि नक्सलवादी क्षेत्रों में भी बहुत अच्छा काम किया है।

सशस्त्र सीमा बल लखनऊ के पारिवारिक आवासीय परिसर का उद्घाटन आज गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। सशस्त्र सीमा बल के नव निर्मित पृथक पारिवारिक आवासीय परिसर बल के उन जवानों एवं अधिकारियों के परिवार के लिए बनाया गया है जिनके घर के मुखिया सुदूर भारत नेपाल-भूटान सीमा और देश में अन्यत्र आन्तरिक सुरक्षा के लिए तैनात है। इस पृथक पारिवारिक आवासीय परिसर में 415 आवास कुल 3.06 एकड़ भूमि पर बनाये गए हैं।

सिंह ने आज सशस्त्र सीमा बल के कुछ जवानों एवं अधिकारियों को प्रतीकात्मक तौर पर उनके परिवारों के रहने हेतु चाबी भी प्रदान की।

इस अवसर पर सिंह ने कहा सशस्त्र सीमा बल अपने ‘सेवा सुरक्षा बन्धुत्व’ के आदर्शों पर चलते हुए एवं अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी लगन व निष्ठा से करते हुए बल का नाम रोशन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल अपनी महत्तवपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इन जवानों को भी जितनी भी सुविधा दी जाये वह कम है। सरकार अपनी तरफ से पूरी कोशिश करती है जितना हो सके हम अपने जवानों के लिये करे।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी वारदातें होती है और आतंकियो से लड़ने का काम यही जवान करते है, सेना के जवान और हमारे अर्ध सैनिक बल के जवान मिलकर बहादुरी से काम करते है। कश्मीर में हमारी सेना के जवानों और सशस्त्र सेना बल के जवानों ने आतंकवादियों से लड़ने में जबरदस्त कामयाबी हासिल की है।

उन्होंने कहा कि पहले कितनी बड़ी संख्या में जिले नक्सलवादियों से प्रभावित थे लेकिन हमारे सशस्त्र सेना के जवानो ने इनका प्रभाव काफी हद तक कम करने में कामयाबी हासिल की है।

सशस्त्र सीमा बल की महानिदेशक अर्चना रामासुंदरम ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल कुल 11 राज्यों के प्रमुख शहरो में पृथक पारिवारिक आवासीय परिसर का निर्माण कर रहा है, जिसके तहत उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर में इसका निर्माण सर्वप्रथम किया गया है, जबकि अन्य राज्य के प्रमुख शहरो में जिनमें दिल्ली, पटना, सिलिगुरी, गुवाहाटी, देहरादून, भोपाल, बेंगलुरु, रांची, जामनगर तथा जयपुर में इसका कार्य बहुत ही तीव्र गति से किया जा रहा है और जल्द ही अन्य शहरों में भी इसका कार्य पूर्ण हो जायेगा।

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *