भाजपा के साथ लुकाछिपी का खेल बंद करें पवार- अशोक चव्हाण
मुंबई,। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार को भाजपा के साथ लुकाछिपी का खेल बंद कर राज्य में कांग्रेस के साथ आने का प्रयास करना चाहिए। यह जानकारी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने मुंबई में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक गप्पा मारते हुए दिया है। जनता परिवार की तर्ज पर राज्य में काग्रेस व राकांपा को एकसाथ चुनाव लडऩे संबंधी पत्रकारों का जवाब अशोक चव्हाण दे रहे थे। अशोक चव्हाण ने कहा कि इससे पहले राकांपा अध्यक्ष शरद पवार कांग्रेस के साथ रहते हुए भी भाजपा को साथ व समर्थन दे रहे हैं। विधानपरिषद के सभापति चुनाव में राकंापा ने भाजपा का सहयोग लिया था। उस समय इस बारे में मिलने के बाद भी शरद पवार ने भाजपा का साथ नहीं छोड़ा था। चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों की इच्छा है कि राज्य में हर चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे। राज्य की २८८ विधानसभा क्षेत्रों में से लगभग १०० से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गई है। इतना ही नहीं ठाणे, पालघर, जलगांव बीड़ आदि जिलों में कांग्रेस की ताकत घट गई है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने राज्य की सभी २८८ सीटों पर निरीक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस पार्टी का विचार है कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए पार्टी के चुनाव चिन्ह पर हर चुनाव लड़ा जाए और चुनाव के बाद सत्ता गठन का निर्णय स्थानीय स्तर पर लिया जाए। अशोक चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे देखते हुए सभी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का प्रयास शुरु कर दिया है।